(मानवीय सोच) भारतीय नौसेना का जंगी जहाज INS महेंद्रगिरि आज, यानी 1 सितंबर को मुंबई में लॉन्च किया गया। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की पत्नी सुदेश धनखड़ ने मुंबई में मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड में इसे लॉन्च किया।
न्यूज एंजेसी PTI के मुताबिक, लॉन्च समारोह में उपराष्ट्रपति धनखड़ मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। प्रोजेक्ट 17 अल्फा के तहत बनाए गए युद्धपोतों में INS महेंद्रगिरि सातवां और आखिरी स्टील्थ फ्रिगेट है। यह बेहतर स्टेल्थ फीचर्स, एडवांस्ड हथियार प्रणाली और सेंसर से लैस है।
इसका नाम ओडिशा में स्थित पूर्वी घाट की एक पर्वत शृंखला के नाम पर रखा गया है। इसके पहले के छह जहाजों INS नीलगिरि, INS हिमगिरि, INS तारागिरि, INS उदयगिरि, INS दूनागिरि और INS विंध्यगिरि के नाम भी पर्वत शृंखलाओं के नाम पर रखे गए थे।
