लखनऊ : (मानवीय सोच) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनावों में कांग्रेस एवं विपक्ष का राज्य से सफाया हो जाने का दावा करते हुए कहा है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को राज्य में कोई गंभीरता से नहीं लेता। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री पाठक ने एक साक्षात्कार में दावा किया कि लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ हैं और उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर बहुत भरोसा है जो निस्संदेह तीसरी बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।
भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 सीट में से कुल 64 सीट जीती थीं, जिनमें दो पर सहयोगी अपना दल (एस) के उम्मीदवार विजयी हुए थे। इस दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने मिलकर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में बसपा को 10 और सपा को पांच सीट पर जीत मिली थी, जबकि रायबरेली में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी चुनाव जीती थीं। बाद में हुए उप चुनावों में भाजपा ने आजमगढ़ और रामपुर संसदीय सीट भी जीत लीं।
