लखनऊ : (मानवीय सोच) गाजीपुर और डीसीपी उत्तरी की क्राइम टीम ने एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है जो राह चलते तंत्रमंत्र का झांसा देकर महिलाओं से जेवरात उतरवा लेता था। गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों ने कुबूला कि इंदिरानगर निवासी सचिवालय में तैनात समीक्षा अधिकारी प्रिया सिंह से 24 जुलाई को टप्पेबाजी की थी।
प्रिया मेट्रो से उतरकर पैदल अपने घर जा रही थीं। आरोपियों के पास से जेवरात, नकदी व बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने चारों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
एडीसीपी उत्तरी अभिजीथ आर शंकर के मुताबिक, पुलिस टीम ने पॉलीटेक्निक चौराहे के पास स्थित सुलभ शौचालय के पास से चार संदिग्धों को शुक्रवार सुबह गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में उत्तराखंड के उधमसिंह नगर के ठंडा नाला गांव निवासी अनवर अली, सलमान, अफसर अली और फरमान अली हैं।
आरोपियों ने कुबूला कि राह चलती महिलाओं को घर में दोष बताकर उलझाते थे। फिर तंत्रमंत्र और टोटका के जरिए निदान का रास्ता बताते थे। कहते थे कि सीधे 51 कदम चले, पीछे मुड़कर न देखें। इस बीच जेवरात लेकर फरार हो जाते थे।
