लखनऊ : (मानवीय सोच) यूपी सरकार के पूर्व मंत्री व लखनऊ पूर्व से विधायक आशुतोष टंडन उर्फ गोपाल जी का निधन हो गया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। आशुतोष टंडन योगी सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री भी रहे। उनके निधन की जानकारी आशुतोष टंडन के सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर भी दी गई।
साइट पर लिखा गया कि गोपाल भइया हम सबको छोड़ कर चले गये। आशुतोष टंडन उर्फ गोपाल जी भाजपा के वरिष्ठ नेता व मध्य प्रदेश व बिहार के राज्यपाल रहे स्वर्गीय लालजी टंडन के पुत्र थे। लालजी टंडन यूपी में भाजपा के प्रमुख स्तंभ व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के मित्र व सहयोगी थे।
आशुतोष टंडन के पार्थिव शरीर को लखनऊ में भाजपा मुख्यालय में रखा गया है। जहां उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित कई नेता और मंत्री पहुंचे। भाजपा मुख्यालय में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद हैं।
