इंडियन एयर फोर्स ने हवा से हवा में मार करने वाली 200 स्वदेशी मिसाइल अस्त्र मार्क 1 के निर्माण को मंजूरी दी है। इसे भारत सरकार की संस्था DRDO ने विकसित किया है। मिसाइल का निर्माण BDL कर रही है। IAF के अधिकारियों ने बताया कि बीडीएल को उत्पादन की मंजूरी हाल ही में वायु सेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की हैदराबाद यात्रा के दौरान दी गई।
रक्षा अधिग्रहण परिषद द्वारा 2022-23 में 2,900 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजना के लिए मंजूरी दी गई थी। सभी टेस्ट पूरा होने के बाद अब उस ऑर्डर के लिए उत्पादन मंजूरी दे दी गई है। लड़ाकू विमानों के बीच हवा में होने वाली लड़ाई के दौरान हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलों का इस्तेमाल होता है। इससे दूसरे तरह के विमान या हेलिकॉप्टर जैसे हवा में मौजूद टारगेट को भी नष्ट किया जा सकता है। इस तरह के मिसाइल के लिए रेंज काफी अहम है।
