शाहजहांपुर : (मानवीय सोच) चौक कोतवाली क्षेत्र में गन्ने के खेत में महिला की चाकू से गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को खुलासा कर दिया। उसकी हत्या एक युवक ने की थी। महिला युवक के साथ रहने की जिद कर रही थी। उससे पीछा छुड़ाने के लिए युवक ने वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी युवक दुष्कर्म की सजा काट रहे आसाराम के आश्रम का चौकीदार रह चुका है।
चौक कोतवाली के गांव चांदापुर के नजदीक 20 सितंबर को गन्ने के खेत में 42 वर्षीय महिला का शव मिला था। एसपी ने मौका-मुआयना किया था। कांट के अकर्रारसूलपुर के चौकीदार धर्मपाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की सर्विलांस सेल को महिला का मोबाइल नंबर मिला। इसके बाद महिला की पहचान लालतप्पड़ डोईवाला देहरादून (उत्तराखंड) निवासी सीता के रूप में हुई।
