केरल के सबरीमाला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर में वार्षिक मंडलम-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा के दौरान हर दिन यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस दौरान मलयालम अभिनेता दिलीप भी गुरुवार को यहां दर्शनों के लिए पहुंचे थे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण पुलिस और त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के सदस्यों द्वारा उन्हें स्पेशल ट्रिटमेंट देते हुए वीआईपी दर्शन कराए गए थे। इस मामले को लेकर अब केरल हाई कोर्ट ने पुलिस व त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) को कड़ी फटकार लगाई है।
शुक्रवार को कोर्ट ने कहा कि सबरीमला में भगवान अयप्पा मंदिर में जारी विशेष पूजा के दौरान अभिनेता को वीआईपी दर्शन कराए गए जिससे कई श्रद्धालुओं को दर्शन करने में परेशानी हुई और उन्हें कई घंटों तक कतार में खड़ा रहना पड़ा।
जस्टिस अनिल के नरेंद्रन और जस्टिस मुरली कृष्ण एस की पीठ ने सवाल किया कि अभिनेता को 5 दिसंबर को ऐसा विशेषाधिकार किस आधार पर दिया गया। पीठ ने अब 7 दिसंबर को कोर्ट में इस घटना की सीसीटीवी फुटेज पेश करने का निर्देश भी टीडीबी और पुलिस को दिया है। पीठ ने सबरीमाला में दिलीप को दिए गए ‘विशेष वीआईपी दर्शन’ की खबरों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए यह मुद्दा उठाया है। बता दें कि इस वार्षिक तीर्थायात्रा के दौरान यहां केरल और पड़ोसी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के कारण मंदिर में भारी भीड़ होती है। वीआईपी दर्शन कराने के मामले में कोर्ट ने पुलिस से एक रिपोर्ट तलब करने को भी कहा है जिसमें उसे यह बताने का निर्देश दिया गया कि दिलीप को किस वजह से तरजीह दी गई। पीठ ने कहा कि अभिनेता पूरे ‘हरिवारासनम’ के दौरान मंदिर के बंद होने तक सोपानम के सामने पहली पंक्ति में खड़े रहे। हरिवारासनम भगवान अयप्पा को सुलाये जाने के लिए गायी जाने वाली लोरी को कहा जाता है।
पीठ ने सवाल करते हुए कहा, “उन्हें (दिलीप) कौन सा विशेषाधिकार मिला हुआ है? वहां क्या हो रहा है? क्या इससे अन्य भक्तों के दर्शन में बाधा नहीं आएगी, जिनमें बच्चे व बुजुर्ग भी शामिल हैं और वे कई घंटों से कतार में खड़े थे? ”अदालत ने पूछा, “उनमें से कई को इंतजार करना पड़ा और कई अन्य श्रद्धालुओं को दर्शन किए बिना ही आगे बढ़ना पड़ा। वे किससे शिकायत करेंगे? उन्हें (दिलीप) इतने लंबे समय तक वहां खड़े रहने की अनुमति कैसे दी गई? उन्हें विशेष व्यवहार क्यों किया गया? ”पीठ ने कहा कि केवल संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को ही न्यायिक आदेशों के अनुसार इस तरह के तरजीही व्यवहार की अनुमति है और इसलिए 5 दिसंबर को जो हुआ वह निर्देशों का उल्लंघन था। पीठ ने कहा, “हम अवमानना कार्रवाई शुरू करने पर विचार करेंगे। हम अभिनेता को प्रतिवादी के रूप में शामिल करने पर भी विचार करेंगे।”
