नई दिल्ली (मानवीय सोच) बढ़ती महंगाई के बीच मुंबई वालों 1 अप्रैल से बड़ी राहत मिलने वाली है। महाराष्ट्र में 1 अप्रैल से सीएनजी सस्ती हो जाएगी। दरअसल, महाराष्ट्र सरकार ने सीएनजी पर वैट की दरों में भारी कटौती करने का निर्णय किया है।
अभी 13.5 प्रतिशत वैट
बता दें कि महाराष्ट्र में अभी सीएनजी पर अभी 13.5 प्रतिशत वैट लगता है, जिसे महाराष्ट्र सरकार 1 अप्रैल से घटाकर 3 प्रतिशत कर रही है। गौरतलब है कि 11 मार्च को विधानसभा में बजट पेश करते हुए महाराष्ट्र के वित्तमंत्री अजीत पवार ने इस बारे में ऐलान किया था।
वर्तमान में क्या है रेट
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और आसपास के एरिया में महानगर गैस सीएनजी गैस की सप्लाई करती है। मुंबई में अभी सीएनजी का रेट 66 रुपये प्रति किलोग्राम, जबकि पीएनजी का रेट 39.50 रुपये प्रति मानक घन मीटर (scm) है।
दिल्ली में सीएनजी की कीमत में हाल ही में 50 पैसे का इजाफा किया गया है। दिल्ली में सीएनजी के दाम अब 57.51 रुपये प्रति किलो है। इसी तरह, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी की कीमत 1 रुपये बढ़ गई है। एनसीआर में ग्राहकों को 59.58 रुपये प्रति किलो सीएनजी मिल रहा है।
