(मानवीय सोच) इस साल भारत G-20 समिट से जुड़ी बैठकों की अध्यक्षता कर रहा है. आज गुरुग्राम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अपराध व सुरक्षा पर आयोजित G-20 समिट के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया. इस दौरान गृह मंत्री ने चीन और पाकिस्तान का नाम लिए बिना उन्हें नसीहत दी. साथ ही, NFTs, AI और Metaverse के युग में साइबर क्राइम, साइबर सिक्योरिटी, ग्लोबल सिक्योरिटी को लेकर भारत की प्रतिबद्धता दोहराई.
गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुग्राम में कहा, “टेक्नोलॉजी आज सभी कन्वेंशनल जियोग्राफिकल, पॉलिटिकल और आर्थिक सीमाओं के पार पहुंच चुकी है. हम अब एक बड़े ग्लोबल डिजिटल विलेज में रहते हैं. वास्तव में टेक्नोलॉजी, मानवीय समाज और देशों को ज्यादा तेजी से करीब लाने वाला एक पॉजिटिव डेवलपमेंट है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व और स्वार्थी वैश्विक ताकतें भी हैं, जो नागरिकों और सरकारों को, आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान पहुंचाने के लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रही हैं.”
