तमिलनाडु शनिवार को एक एतिहासिक राजनीतिक घटना का गवाह बना, क्योंकि अब प्रदेश में पिता मुख्यमंत्री तो बेटा उपमुख्यमंत्री का पद संभालेगा. जी हां, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने राज्यपाल आर एन रवि से उनके बेटे और मंत्री उदयनिधि स्टालिन को डिप्टी नियुक्त करने का आग्रह किया, जिसे स्वीकार कर लिया गया है. तमिलनाडु सरकार में मंत्री उदयनिधि स्टालिन को प्रदेश का नया उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया गया है. वो रविवार, 29 सितंबर की दोपहर 3.30 बजे चेन्नई के राजभवन में पद की शपथ ग्रहण करेंगे. उदयनिधि स्टालिन को डिप्टी सीएम नियुक्त किए जाने के बाद अब एमके स्टालिन सरकार के मंत्रिमंडल में भी बड़े फेरबदल किया गया है. पीटीआई के मुताबिक सेंथिल बालाजी को फिर से मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है राजभवन के हवाले से बताया कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन को शनिवार को एक बड़े कैबिनेट फेरबदल में उपमुख्यमंत्री के रूप में नामित किया गया, जिसे राज्यपाल की भी मंजूरी मिल गई है. उदयनिधि वर्तमान में अपने पिता के नेतृत्व वाली सरकार में खेल मंत्री हैं.
गौरतलब है कि वी. सेंथिल बालाजी को धनशोधन मामले में हाई कोर्ट से दो दिन पहले ही जमानत मिली थी. इसके अलावा डेयरी विकास विभाग संभाल रहे एम. थंगराज सहित तीन मंत्रियों को कैबिनेट से हटा दिया गया है. बालाजी के अलावा डॉ. गोवी चेझियान, आर राजेंद्रन और एस.एम नासर को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है. बालाजी ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कथित नौकरी घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किए जाने के कई महीने बाद इस साल फरवरी में इस्तीफा दे दिया था.राजभवन की एक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री स्टालिन ने तमिलनाडु के राज्यपाल से सिफारिश की कि युवा कल्याण और खेल विकास मंत्री थिरु उदयनिधि स्टालिन को उनके मौजूदा विभागों के अलावा योजना और विकास विभाग आवंटित किया जाए और उन्हें उपमुख्यमंत्री के रूप में नामित किया जाए. इसमें कहा गया है कि राज्यपाल ने सिफारिशों को मंजूरी दे दी है. मनोनीत मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को राजभवन में अपराह्न साढ़े तीन बजे होगा.
