लखनऊ : (मानवीय सोच) शारदीय नवरात्र से पहले मातृ शक्ति को वंदन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सुबह अपने सरकारी आवास से मिशन शक्ति के चौथे चरण का आगाज करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फ्लैग ऑफ कर महिला सशक्तिकरण रैली को रवाना करेंगे, जो लखनऊ के विभिन्न चौराहों से होते हुए 1090 चौराहे पर समाप्त होगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकभवन में आयोजित मिशन शक्ति कार्यक्रम में शिकरत करेंगे, जहां विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद तीन महिला विभूतियों संग 25 अन्य महिलाओं को सम्मानित करेंगे। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की पुलिस अधीक्षक रूचिता चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह 10:30 बजे अपने सरकारी आवास से महिला सशक्तिकरण रैली को फ्लैग ऑफ कर रवाना करेंगे। यह रैली 5 कालीदास मार्ग से रवाना होकर उदादेवी चौराहा, क्लार्क अवध, केजीएमयू चौराहा, कोनेश्चर मंदिर, आई चौराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा होते हुए 1090 चौराहे पर समाप्त होगी। रैली के इन पड़ाव पर संबंधित थाना क्षेत्र की विशिष्ट महिलाएं मौजूद रहेंगी। इस दौरान क्षेत्र की महिलाएं और बेटियां भी मौजूद रहेंगी। सभी को मिशन शक्ति और नारी सशक्तिकरण से जुड़ी सभी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।
