उत्तर प्रदेश (मानवीय सोच) बरेली जिले में एक मिशनरी स्कूल में राखी पहनकर पहुंचे छात्र की राखी को कैंची से कटवा दिया गया. जिसकी जानकारी मिलते ही छात्र के परिजन और हिंदूवादी संगठनों ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया. जिसके बाद स्कूल ने माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती न करने का आश्वासन दिया.
टीचर ने राखी को कैंची से काटा
मिली जानकारी के मुताबिक, बरेली के आंवली थाना इलाके में भमोरा रोड पर स्थित होली फैमिली कॉन्वेंट स्कूल में दो छात्र-छात्रा हाथ में राखी बांधकर स्कूल पहुंचे थे. जिसका एक टीचर ने विरोध किया और हाथ में बंधी राखी और कलावा को कैंची से काट दिया. इसके साथ ही कहा कि स्कूल में किसी धर्म का प्रचार नहीं होगा.
इस घटना की जानकारी जैसे ही बच्चों के परिजनों को मिली तो उन्होंने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा शुरू कर दिया. इसके साथ ही हिंदू संगठन भी स्कूल पहुंच गए और कार्रवाई की मांग करने लगे. सूचना मिलते ही पुलिस स्कूल पहुंची और स्कूल प्रबंधन से माफी मंगवाई.
