# हरियाणा सरकार ने नूंह जिले में बढ़ाया इंटरनेट शटडाउन

हरियाणा : (मानवीय सोच) हरियाणा सरकार ने स्थिति को ‘गंभीर और तनावपूर्ण’ बताते हुए राज्य के नूंह जिले में इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं के निलंबन को 13 अगस्त तक बढ़ा दिया है. नूंह जिले में इंटरनेट पहले 8 अगस्त तक और फिर 11 अगस्त तक बैन किया गया था. हालात अब भी पूरी तरीके से ठीक नहीं हुआ है. सरकारी आदेश में कहा गया है कि कानून और व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई है और जिले में हालात अभी भी गंभीर और तनावपूर्ण हैं.”

हरियाणा के गृह सचिव ने एएनआई के हवाले से कहा, “मेरा मानना है कि इंटरनेट के दुरुपयोग के कारण नूंह जिले में भड़काऊ बातें प्रसारित हो सकती है. इससे हालात और भी खराब हो सकता है. ”

नूंह जिले में अब तक 59 FIR

31 जुलाई को विश्व हिंदू परिषद के जुलूस पर हमले के बाद सांप्रदायिक हिंसा भड़कने के बाद जिले में 59 एफआईआर दर्ज की गई हैं, जबकि 218 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. अगर पूरे हरियाणा की बात की जाए तो अबतक सिलसिले में कुल 393 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि 118 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया है.