पॉपुलर टीवी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में रोशन सिंह सोढ़ी का किरदान निभाने वाले गुरुचरण सिंह पिछले कई दिनों से लापता थे। 22 अप्रैल 2024 से उनका कुछ भी पता नहीं चल पा रहा था। आखिरकार 17 मई (शुक्रवार) को वो अपने घर लौट आए। कई दिनों तक लापता रहने के बाद वो खुद ही अपने घर लौटे हैं। परिजनों ने दिल्ली में उनके गायब होने की FIR दर्ज कराई थी। वापस लौटने पर गुरुचरण से पुलिस ने पूछताछ की। उन्होंने बताया कि वह घर छोड़कर दुनियाभर में धार्मिक यात्रा करने निकले थे।पिछले 25 दिनों में वह कभी अमृतसर तो कभी लुधियाना में थे। गुरुचरण सिंह की मानें तो वह कई शहरों के गुरुद्वारे में जाकर ठहरे हुए थे। लेकिन जब उन्हें एहसास हुआ कि अब उन्हें अपने घर लौट जाना चाहिए तो वह तुरंत वापस आ गए। गुरुचरण चरण सिंह 22 अप्रैल को दिल्ली से मुंबई के लिए निकले थे, लेकिन 26 अप्रैल को पता चला कि वह शहर पहुंचे ही नहीं। एक्टर को दिल्ली एयरपोर्ट पर देखा गया था, लेकिन उसके बाद वह कहां गायब हो गए यह किसी ने नहीं देखा। इसके बाद उनके पिता ने पालम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की थी, जिसके बाद कई नए सुराग मिले थे। लेकिन इस के बाद भी एक्टर के बारे में कुछ भी पता नहीं चला था।