मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश के किसानों का भविष्य संवारने के लिए निरन्तर प्रयासरत है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन के अनुरूप विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए आज यहां विकसित कृषि संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है।
डबल इंजन सरकार ने देश में पहली बार आई0सी0ए0आर0 से जुड़े हुए किसानों व कृषि वैज्ञानिकों, कृषि विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ प्राध्यापकों व कृषि वैज्ञानिकों तथा देश में स्थित कृषि विज्ञान केन्द्रों के वैज्ञानिकों को किसानों के खेत तक भेजने का काम किया है। लैब टू लैण्ड की यह प्रक्रिया प्रधानमंत्री जी के संकल्प को पूर्ण करते हुए बीज से बाजार तक अन्नदाता किसानों के हित को सर्वोपरि मानते हुए चलाए जाने वाले अभियान का हिस्सा है।
मुख्यमंत्री जी आज जनता महाविद्यालय, अजीतमल, जनपद औरैया में विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025 कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने मक्का किसान सम्मेलन में किसानों से संवाद स्थापित किया। प्रगतिशील किसानों का सम्मान किया। किसानों को बीज मिनी किट तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, प्रमाण पत्र तथा स्वीकृति पत्र आदि प्रदान किये। इसके पूर्व उन्होंने कृषि उत्पादों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया। उन्होंने जनता इण्टर कॉलेज परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ कार्यक्रम के तहत पौधरोपण भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज यहां उन्होंने जनपद औरैया के अन्नदाता किसानों की सक्सेस स्टोरी को सुना है। यहां के किसानों ने प्रधानमंत्री जी के उन्नत कृषि के संकल्प को चरितार्थ किया है। आज जनपद लखनऊ से उन्नाव-बांगरमऊ होते हुए कन्नौज-छिबरामऊ तथा कानपुर सहित जनपद औरैया की यात्रा में उन्होंने किसानों की मेहनत को खेतों में मक्का के रूप में लहलहाते हुए देखा है। पहले प्रदेश का किसान एक या दो फसलों तक सीमित रह जाता था। आज उसी प्रदेश में दो फसलों के अतिरिक्त तीसरी फसल मक्का का उत्पादन कर किसान मुनाफा कमा रहे हैं। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि बहुत शीघ्र मक्का के क्रय केन्द्र स्थापित कर एम0एस0पी0 की घोषणा की जायेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकसित कृषि संकल्प अभियान की कड़ी में खेती की लागत कम करें, उत्पादन बढ़ाएं, उपज को बाजार तक पहुंचाएं तथा किसानों को उपज का अच्छा दाम दिलवाएं। किसानां को समय पर बीज व तकनीक मिले, जिससे वह अपने जीवन की खुशहाली के माध्यम से प्रदेश और देश के विकास में अपना योगदान दे सकें। इस प्रकार किसान प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के अभियान को नई ऊंचाई तक पहुंचाने का काम कर सकेगा। यह संकल्प प्रदेश के 20-25 जनपदों में मक्के की खेती के माध्यम से देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मक्का किसानों की कैश क्रॉप है। एक किसान प्रति हेक्टेयर ढाई लाख रुपये की आमदनी कर रहा है। प्रति एकड़ एक किसान को एक लाख रुपये की आय प्राप्त हो रही है। किसान अब तीन-तीन फसलें बो सकता है। मक्के के पश्चात आलू तथा आलू के पश्चात धान की खेती की जा सकती है। यही कौशल है। अन्नदाता किसान अपने पुरुषार्थ से देश की समृद्धि में कैसे सहायक हो सकता है, यह उसका एक उदाहरण है। मक्का एक पौष्टिक आहार है। इसके अन्तर्गत स्वीट कॉर्न तथा बेबी कॉर्न आदि सम्मिलित हैं। मक्का से बायो फ्यूल तथा बायो प्लास्टिक भी बनायी जा सकती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री जी ने स्वॉयल हेल्थ कार्ड की व्यवस्था प्रारम्भ की थी। उस समय पहली बार अन्नदाता किसान राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बना। प्रत्येक किसान को स्वॉयल हेल्थ कार्ड उपलब्ध करवाया गया। यह अभियान प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना तथा प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना के माध्यम से आगे बढ़ता हुआ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से आज भी जारी है। वर्तमान में देश में 12 करोड़ किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अब तक 02 करोड़ 86 लाख किसान इस योजना का लाभ ले चुके हैं। उनके खाते में डी0बी0टी0 के माध्यम से 85 हजार करोड़ रुपये की धनराशि भेजी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 में 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का कर्जमाफी कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया। कर्जमाफी के पश्चात प्रदेश में सिंचाई की क्षमता में वृद्धि के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का सहारा लिया गया। सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना, अर्जुन सहायक परियोजना तथा बाढ़ सागर परियोजना आदि के माध्यम से अब तक 23 लाख हेक्टयेर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध करायी गई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में अन्नदाता किसानों को राहत देते हुए 15 लाख निजी ट्यूबवेलों को निःशुल्क बिजली उपलब्ध करायी गई है। प्रदेश सरकार द्वारा यह खर्च स्वयं उठाते हुए बिजली विभाग को 2,700 करोड़ रुपये की धनराशि का भुगतान किया गया है। अब तक 01 लाख से अधिक किसानों को पी0एम0 कुसुम योजना के माध्यम से सोलर पैनल उपलब्ध कराये जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद औरैया विकास के पथ पर अग्रसर है। डबल इंजन सरकार यहां मक्का की खेती को प्रोत्साहित कर रही है। महापुरुषों के सम्मान का कार्य कर रही है। पहले यहां किसी ने मेडिकल कॉलेज के बारे में नहीं सोचा होगा। अब यहां ढाई सौ करोड़ रुपये की लागत से लोक माता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर मेडिकल कॉलेज बन चुका है। यह लोक माता अहिल्याबाई होल्कर का 300वाँ जयन्ती वर्ष है। 31 मई को लोक माता को पूरे देश ने कृतज्ञतापूर्वक नमन किया। उन्होंने आज से ढाई सौ वर्ष पहले मालवा सम्राज्य से बाहर निकलकर देश की विरासत को सजाने और संवारने का काम किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दुष्ट औरंगजेब द्वारा काशी विश्वनाथ मन्दिर नष्ट कर दिया गया था। बाबा विश्वनाथ मन्दिर के पुनर्निमाण का कार्य लोकमाता अहिल्याबाई ने किया था। जगन्नाथपुरी मन्दिर, गयाजी मन्दिर तथा उज्जैन का महाकाल मन्दिर सहित अनेक मन्दिर विदेशी आक्रान्ताओं द्वारा अपवित्र कर दिये गये थे। लोकमाता ने इन सभी मन्दिरों के पुनरोद्धार का कार्य किया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद औरैया में रिजर्व पुलिस लाइन्स के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 272 करोड़ रुपये उपलब्ध कराये गये हैं। रिजर्व पुलिस लाइन्स के निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। औरैया और जालौन को जोड़ने के लिए यमुना नदी पर 151 करोड़ रुपये की लागत से ब्रिज निर्माण का कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय निर्माण के लिए 24 करोड़ रुपये औरैया जनपद को स्वीकृत किये गये हैं। इसके माध्यम से प्री-प्राइमरी से लेकर 12वीं कक्षा तक बच्चों को आधुनिक शिक्षा उपलब्ध करायी जा सकेगी। यहां कृषि विज्ञान केन्द्र के निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है। कृषि एक्सटेंशन के लिए 03 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गये हैं। औरैया के जिला न्यायालय के लिए ढाई सौ करोड़ रुपये स्वीकृत किये जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश का युवा प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे रहा है। प्रदेश के 08 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। अभी हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस में 60 हजार कार्मिकों की भर्ती की गई है। आगामी 15 जून को देश के गृह मंत्री जी के सान्निध्य में उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। अब तक प्रदेश पुलिस बल में 02 लाख 16 हजार युवाओं की भर्ती की चुकी है। इतनी बड़ी भर्ती पहले कभी नहीं की गई। प्रदेश में 01 लाख 60 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती की जा चुकी है। लोक निर्माण, सिंचाई तथा कृषि सहित अन्य विभागों में नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यक्रमों को तेजी के साथ आगे बढ़ा रही है। आज बेटी तथा व्यापारी सुरक्षित हैं। राज्य की बेहतर कानून व्यवस्था के परिणामस्वरूप व्यवसाय तथा व्यापार में वृद्धि हुई है। निवेश की प्राप्ति हुई है। निवेश के माध्यम से 65 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा गया है। ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के माध्यम से लगभग 02 करोड़ युवाओं को रोजगार प्रदान किया गया है। प्रदेश के पुलिस बल को टेक्नोलॉजी से जोड़ा गया है। टेक्नोलॉजी का परिणाम है कि आज अपराध में तेजी से कमी आयी है। यदि कहीं कोई अपराध होता है, तो चन्द घण्टों में उसका पटाक्षेप हो जाता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कल 09 जून को प्रधानमंत्री जी के यशस्वी नेतृत्व में केन्द्र सरकार के कार्यकाल के 11 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इन 11 वर्षों में प्रधानमंत्री जी ने भारत को दुनिया की बड़ी ताकत के रूप में स्थापित किया है। भारत दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। देश की प्रतिव्यक्ति आय कई गुना बढ़ी है। देश में वर्ल्ड क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण हुआ है। ‘एक जिला एक मेडिकल कॉलेज’ की परिकल्पना साकार हुई है। गांव, गरीब, किसान, मजदूर, वंचित, दलित, पिछड़ा तथा महिला आदि के हितों का संरक्षण करते हुए प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज एक नया भारत विरासत और विकास की यात्रा को अनवरत आगे बढ़ाने का काम कर रहा है। विरासत और विकास का यह क्रम विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए आप सबका आह्वान कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हम आने वाली पीढ़ियों को बता सकेंगे कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में कार्य करने के परिणामस्वरूप हम सभी को खुशहाली प्राप्त हो सकी है। इस खुशहाली की प्राप्ति के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा। डबल इंजन सरकार आपको सुरक्षा देगी। सुशासन तथा लोककल्याणकारी कार्यक्रमों के साथ जोड़ेगी।
इस अवसर पर त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।
कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
इस अवसर पर कृषि राज्यमंत्री श्री बलदेव सिंह ओलख, महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।